गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सड़क हादसे में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई। इसमें एक बाइक सवार तीन लोग भी शामिल रहे, जिन्हें नोनहरा थाना क्षेत्र के शहबाजकुली ग्राम के पास गाजीपुर-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। हाईवे पर तीनों शव के पड़े होने आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के समय तेज आवाज भी हुई थी। मृतकों में दो लोग एक ही गांव के निवासी हैं।
नोनहरा थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी इंद्रमणि यादव (45) इसी गांव के सनोज यादव (27) और थाना क्षेत्र के ही जल्लापुर निवासी शैलेष यादव (28) एक बाइक पर सवार थे। सभी रात साढ़े दस बजे शहवाजकुली में पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। मौके पर मिले मोबाइल से परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। इस दौरान करीब आधे घंटे राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा। कासिमाबाद सीओ चोब सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क किनारे गड्ढे में गई बाइक, चाचा की मौत, भतीजा घायल
बहरियाबाद। चकबेनी रामपुर निवासी राजू चौहान (35) शुक्रवार की रात छोटे भाई प्रहलाद के पांच वर्षीय पुत्र संदीप चौहान को लेकर बाइक से नौरंगाबाद गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। अभी वह सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर बहरियाबाद थाने से उत्तर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। बाइक चला रहे राजू और भतीजा संदीप भी पानी भरे गड्ढे में जा गिरे। राजू कीचड़युक्त पानी में सिर के बल गिरे जबकि संदीप पानी से निकल सड़क पर आकर रोने लगा। रोने की आवाज सुन कर कुछ औरतें और राहगीर पहुंच गए और हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने राजू चौहान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जापुर ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने घायल को सैदपुर सीएचसी रेफर कर दिया। वहां डाॅक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने कीचड़ और पानी से लथपथ संदीप का कपड़ा बदलवाया। बाइक का नंबर सर्च कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। रोते-बिलखते परिजन थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बकरी चरा रही महिला को स्कार्पियो ने मारा धक्का, मौत
गाजीपुर। शहर कोतवाली के बीकापुर निवासी पार्वती देवी (70) शुक्रवार को सड़क किनारे बकरी चरा रही थी। तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कार्पियो ने वृद्धा को धक्का मार दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाते समय पार्वती देवी की रास्ते में ही मौत हो गई। मृतका के पुत्र विजय राम ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वाहन से कुचलकर युवक की मौत
नंदगज। नैसारा गांव निवासी सद्दाम अहमद ( 25) शुक्रवार की देर शाम पहाड़पुर चौराहे पर किसी काम से आए थे। सड़क पार करते समय वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल को सैदपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता मोहम्मद फैयाज अहमद की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है।