सीएमओ ने मातृत्व सप्ताह अभियान में ड्यूटी पर अनुपस्थित मिलने पर तीन चिकित्सकों सहित छह स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराने के साथ उनकी विशेष देख-भाल करने के लिए शासन की ओर से पूरे प्रदेश में 14 अक्तूबर से मातृत्व सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
इस क्रम में अभियान के तहत रविवार को अनुपस्थित पाए गए भदौरा सीएचसी के प्रभारी डॉ. एनपी चौधरी तथा सोमवार को अनुपस्थित रहने पर दिलदारनगर के पीएचसी पर तैनात डॉ. काजमी और देवल स्थित न्यू पीएचसी पर तैनात डॉ. शैलेश का एक दिन वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।
एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि बीते 14 अक्टूबर को मनिहारी ब्लाक के पहेतिया गांव स्थित पीएचसी पर चल रहे अभियान का निरीक्षण करने पहुंचे सीडीओ अरविंद पांडेय ने अनुपस्थित फार्मासिस्ट विजय कुमार श्रीवास्तव का तीन दिन का वेतन, डॉ. उमा शबीहा और नॉन मेडिकल असिस्टेंट उमेशचंद्र गुप्ता का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
अभियान के तहत तीन दिनों के अंदर 10 हजार 291 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जा चुकी है।