किसान दिवस की बैठक बुधवार को विकास भवन के सभागार में हुई। सीडीओ संतोष कुमार वैश्य के समक्ष किसानों ने समस्याएं बताई। किसान अनिल यादव ने सदर के न्याय पंचायत डिलिया में सहकारी समिति बनाने की मांग की।
इसी तरह करंडा के बसंत पट्टी निवासी किसान देव प्रसाद दूबे ने कहा कि लखनचंदपुर में नलकूप संख्या- 171 की नाली अपूर्ण है। अन्य किसानाें ने कहा कि करंडा ताल में प्राकृतिक नाला के ऊपर पुल था, जो टूट गया है। इससे नाला पट गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक अतींद्र सिंह, एक्सईएन और खंड विकास अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अवधेश सिंह निवासी बासूचक देवकली ने बताया कि चार-पांच वर्ष पूर्व बने नलकूप एसजी 94 की नाली न होने से पानी का दुरुपयोग हो रहा है। सीडीओ ने रोस्टर का पालन करने का निर्देश दिया। रविंद्रनाथ राम निवासी भीमापार सादात ने बताया कि नदी का पानी छलके द्वारा रोका गया है। बाबूलाल मानव ने बताया कि हरपुर माइनर में छलका नहीं है। डेढ़गांवा के अनूप राय ने बताया कि गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में शूकर आवासीय क्षेत्रों में अधिक परेशान कर रहे हैं। रानीपुर के रामबचन सिंह ने कहा कि संरक्षित पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।