नंदगंज और करंडा पुलिस ने सोमवार की रात गांगी पुलिया के पास घेराबंदी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक स्कार्पियो, दो तमंचा तथा चार जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
दोनों आरोपियों की संलिप्तता तीन संगीन मामलों में पाई गई है। इसमें करंडा थाना क्षेत्र के चांड़ीपुर में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त इंजीनियर अवधेश राय की हत्या, नंदगंज में मिठाई विक्रेता तथा सदर कोतवाली क्षेत्र के भुतहियाटांड में महिला को मारी गई गोली की घटना शामिल है। इसमें बीमा का पैसा हड़पने के लिए पकड़े गए बदमाश रमेश चौरसिया ने अपने भाई मोती की हत्या के लिए साथियों संग उसे गोली भी मारी थी, लेकिन वह बच गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने इस बात का कबूला है।
पुलिस आफिस में मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए एएसपी सिटी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे नंदगंज थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि किसी वारदात को अंजाम देने के लिए स्कार्पियो से चार बदमाश करंडा की तरफ जा रहे हैं।
करंडा थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा के साथ बदमाशों की घेरेबंदी शुरू कर दी। गांगी नदी पुलिया के पास घेरेबंदी कर पुलिस ने सफेद रंग की स्कार्पियो सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया जबकि दो भागने में सफल हो गए। बदमाशों से स्कार्पियो, दो तमंचा तथा चार जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में रमेश चौरसिया पुत्र राम प्रसाद चौरसिया निवासी बरहपुर नंदगंज तथा रवि जायसवाल पुत्र अशोक जायसवाल निवासी नेवादा सैदपुर का रहने वाला है जबकि फरार बदमाशों में संदीप यादव तथा राकेश यादव शामिल रहा है।