नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली अप श्रमजीवी एक्सप्रेस के इंजन में रविवार की सुबह तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते ट्रेन दिलदारनगर स्टेशन पर ढाई घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान यात्री परेशान रहे। बाद में दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन रवाना किया गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस रविवार की सुबह 5:18 पर दिलदारनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर आकर रुकी। दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन रवाना हो रही थी कि तेज आवाज के साथ इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन खड़ी हो गई। लोको पायलट ने वॉकी टॉकी से स्टेशन अधीक्षक सहित कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद पायलट ने मरम्मत करने का अथक प्रयास किया लेकिन खराबी ठीक नहीं हुई। कंट्रोल की सूचना पर पीडीडीयू नगर से दूसरा इंजन मंगाया गया। इसके बाद श्रमजीवी एक्सप्रेस को जोड़कर गंतव्य के लिए ट्रेन को रवाना किया गया। ढाई घंटे बाद करीब आठ बजे ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्री ठंड से परेशान रहे। इसको देखते हुए स्टेशन अधीक्षक नफीस अहमद खां, आरपीएफ के थाना प्रभारी बाल गंगाधर मौके पर मुस्तैद रहे। टीआरडी के प्रभारी अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे।