कासिमाबाद थाना क्षेत्र के खजुहां गांव स्थित एक ईंट भट्ठे के पास मंगलवार
की देर शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर सराफ
लल्लन वर्मा (50) की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश
की तो ग्रामीण बिफर पड़े।
घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच में काफी
देर तक जिच होती रही। इस बीच ग्रामीणों ने गाजीपुर कासिमाबाद मार्ग पर जाम
लगा दिया जो देर रात तक जारी था। चर्चा थी कि बदमाश सराफ का जेवर भरा बैग
लूट ले गए हैं।
मृत सराफ गंगौली गांव निवासी विश्वनाथ वर्मा का पुत्र
था। वेदबिहारी पोखरा पर उसकी दूकान है। मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे
दूकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले
खजुहा गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप बाइक से आए तीन बदमाशों ने
उसे गोली मार दी। सीने में तीन गोली लगने से लल्लन की मौके पर ही मौत हो
गई।
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो बाइक सवार भाग निकले। मौके पर
पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की, तो लोग भड़क गए।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक लल्लन के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो
जाती, तब तक वह शव पुलिस को नहीं देंगे।
इसे लेकर पुलिस और ग्रामीणों में
काफी देर तक जिच होती रही। चक्का जाम के चलते गाजीपुर कासिमाबाद मार्ग पर
आवागमन ठप हो गया था। एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव का कहना था कि अभी तक
मुझे इसकी सूचना नहीं मिली है। बाद में उनके निर्देश पर जिला पुलिस
बदमाशों की घेरेबंदी में जुट गई।
कप्तान का कहना था कि सराफ की हत्या लूट
के इरादे से की गई है या फिर मामला कुछ और है। यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो
सकेगा। किंतु घटनास्थल पर यह चर्चा आम थी कि बदमाश सराफ का आभूषणों से भरा
बैग लूट ले गए हैं। वहीं लल्लन की हत्या की खबर मिलते ही उसके घर में
कोहराम मच गया। पत्नी चिंता देवी सहित परिवारीजनों के विलाप से गांव का
माहौल गमगीन हो गया था। मृत सराफ को चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। देर
रात तक पुलिस शव को कब्जे में लेने के प्रयास में लगी थी।