जमानिया। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक डाक्टर के कोराना से संक्रमित मिलने के बाद तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन की ओर से एरिया सील करने के नाम पर खानापूर्ति की गयी है। इसको लेकर लोगों में भय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक जिस जगह मरीज मिला है, वहां से 250 मीटर का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन और 500 मीटर के क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया जाता है। नगर में ब्लाक तिराहे से पुराने नगर पालिका के पास तक चांदपुर नई बस्ती में अशोक यादव के घर के पास तथा देवीदयाल मार्ग में एनएच के पास बैरिकेटिंग की गई है। बैरिकेडिंग करने में इस बात का पूरा ख्याल रखा गया है कि जिस जगह को सील किया गया है वहां के लोगों को आने-जाने में किसी भी तरह की परेशानी न हो। कई मार्गो को सील नहीं किया गया है। वही इस एरियां में सभी दुकानें मेडिकल को छोड़ कर खोलना प्रतिबंधित है लेकिन सभी प्रकार की दुकानें खोल कर सामानों को बेचा जा रहा है। नगर में किए गए बैरिकेडिंग में दो स्थान पर छोड़कर किसी भी जगह किसी पुलिस की तैनाती नहीं है।