प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मात्र बीस मिनट में जिलेवासियों को ढेर सारी सौगात देंगे। शब्दभेदी सुपर फास्ट साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गाजीपुर से कोलकाता के लिए रवाना करेंगे। इसके बाद आरटीआई मैदान में एक घंटे तक जनता को संबोधित करेंगे। पीएम ताड़ीघाट-गाजीपुर-मऊ नई रेल कम सड़क पुल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में मोदी प्रथम बार जनपद में आएंगे।
जानकारों की माने तो सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना होने वाली सुपरफास्ट शब्दभेदी ट्रेन के इंजन के पास लगे एलईडी पर हरी झंडी दिखते ही ड्राइवर शब्दभेदी को लेकर आगे के लिए रवाना हो जाएगा। गाजीपुर से कोलकाता जाने वाली शब्दभेदी सुपरफास्ट साप्ताहिक ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन से सुबह 11:45 बजे रवाना होगी, जो कोलकाता रात 12:35 मिनट पर पहुंचेगी। साप्ताहिक सुपरफास्ट यह ट्रेन 17 नवंबर को कोलकाता से डाउन 22323 बनकर रात 10:45 बजे रवाना होगी। जो अगले दिन 18 नवंबर को सिटी रेलवे स्टेशन पर सुबह 12 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी। पुन: 18 नवंबर को सिटी रेलवे स्टेशन से अप 22324 बनकर रात 11 बजकर 30 मिनट पर कोलकाता के लिए रवाना होगी जो अगले दिन दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर कोलकाता पहुंच जाएगी।
इस ट्रेन में एक वातानुकूलित 2 टीयर, तीन वातानुकूलित 3 टीयर, छह शयनयान श्रेणी, छह सामान्य श्रेणी तथा दो दिव्यांग अनुकूलन द्वितीय श्रेणी सह सामान यान कोच होंगे। रेलगाड़ी मार्ग में बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गया, मुगलसराय तथा वाराणसी स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
पूर्वांचल के विकास में रेलवे नया इतिहास रचेगा। इसका पूरा श्रेय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को जाता है। रेल राज्यमंत्री ने एक साथ कई बड़ी परियोजनाओं को जिले में शुरू कर विकास की नयी इबारत लिखने का भी काम किया है। 14 नवंबर को पीएम यहां पहुंचकर महज 20 मिनट में ही दर्जनभर से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। नयी ट्रेन चलने से जनपदवासियों में खुशी की लहर है। नवापुरा घाट पर प्रस्तावित मिनी बंदरगाह का भी प्रधानमंत्री शिलान्यास करेंगे।
उधर, शहर के आरटीआई मैदान में 14 नवंबर को आयोजित होने वाले पीएम के कार्यक्रम स्थल और बाहर की पूरी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला प्रशासन सेक्टर वाइज अधिकारियों को लगाने की तैयारियों में लग चुका है। इसके लिए एसडीएम, तहसीलदार, एडीएम सहित जिलास्तरीय अधिकारी लगाए जाएंगे। इससे पूर्व 25 नोडल अधिकारी लगाए गए है। सभी अधिकारी कार्यक्रम स्थल की सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक, पानी, बिजली और बैरकेडिंग की व्यवस्था को देख रहे है। साथ ही पांच एंबुलेंस और पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रहेंगी।