गाजीपुर। जिले की तीन नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों में वेंडिंग जोन की व्यवस्था साकार नहीं हो पा रही है। इसके चलते फुटपाथ हो या सड़क, हर जगह ठेला, रेहड़ी और खोमचे वालों का कब्जा हो गया है। नतीजतन निकायों के 136 वार्डों में रहने वाली करीब तीन लाख की आबादी को रोजाना जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से जूझती है। आठ में से सात निकायों में वेंडिंग जोन चिह्नित ही नहीं किए जा सके हैं। वहीं शहर में सिर्फ एक वेंडिंग जोन चिह्नित किया गया है। उसका भी काम अधूरा है।
जिले में गाजीपुर, मुहम्मदाबाद और जमानिया नगर पालिका क्षेत्र के अलावा सैदपुर, सादात, बहादुरगंज, दिलदारनगर और जंगीपुर नगर पंचायतें हैं। शहरी विकास विभाग की ओर से रेहड़ी और ठेला संचालकों को व्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन अधिकांश निकायों में यह योजना फाइलों से आगे नहीं बढ़ सकी। इसका सीधा असर आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है।
केस-1
एक साल बाद भी वेंडिंग जोन अधूरा
शहर में ददरीघाट-महुआबाग मार्ग पर नगर पालिका की ओर से वेंडिंग जोन विकसित करने के लिए स्थान चिह्नित किया गया था। योजना के तहत करीब दो करोड़ रुपये की लागत से कार्ट दुकानों का निर्माण कराया जाना था, ताकि रेहड़ी और ठेला संचालकों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जानी थीं। हालांकि एक वर्ष बीतने के बाद भी योजना पूरी नहीं हो सकी है और दुकानों का आवंटन शुरू नहीं हो पाया है।
केस-2
सैदपुर में सड़क पर ही बाजार
सैदपुर बाजार के मुख्य मार्ग पर फुटपाथ और सड़क के किनारे बड़ी संख्या में अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं। जनपद के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल सैदपुर में प्रतिदिन भारी यातायात रहता है। इसके बावजूद सड़क के किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या आम हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
नगर निकायों के प्रमुख जाम पॉइंट
गाजीपुर शहर : टैक्सी स्टैंड, विशेश्वरगंज, स्टेशन रोड, महुआबाग
जमानिया : जमानिया-दिलदारनगर मोड़, तहसील मार्ग
सैदपुर : बस स्टैंड, तहसील मार्ग
बहादुरगंज : बस स्टैंड, मुख्य बाजार
मुहम्मदाबाद : यूसुफपुर मंडी, सब्जी मंडी
जंगीपुर : गाजीपुर-जंगीपुर मार्ग, यादव मोड़
सादात : मुख्य बाजार मार्ग
दिलदारनगर : वायरलेस मोड़, रेलवे फाटक मार्ग
लोग बोले
बाजार में प्रतिदिन जाम लगता है। इसकी प्रमुख वजह फुटपाथ और सड़क पर किया गया अतिक्रमण है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।-श्रीकांत त्रिपाठी, सैदपुर
सैदपुर बाजार पर आसपास के दर्जनों गांव निर्भर हैं। रोजमर्रा के काम के लिए बाजार आना पड़ता है, लेकिन जाम की समस्या से काफी परेशानी होती है।-संदीप यादव, हसनपुर
मुख्य बाजार पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। लंबे समय से वेंडिंग जोन बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।- हरिशंकर राय, बहादुरगंज
फुटपाथ तो पूरी तरह गायब हो चुके हैं। कई स्थानों पर सड़क तक कब्जे में है। ऐसे में राहगीरों के लिए सुरक्षित आवागमन मुश्किल हो गया है। -तीर्थराज राय, बहादुरगंज
वेंडिंग जोन के लिए अधिकांश कार्ट दुकानों का निर्माण कराया जा चुका है। शेष कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण पूरा होते ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-डीके राय, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, गाजीपुर
सैदपुर बाजार में सड़क किनारे लगे ठेला। संवाद