नगर क्षेत्र में स्थित विभिन्न बैंकों पर नगर पालिका परिषद का सात लाख 45 हजार 521 रुपया जलकर बकाया हैै। नगर पालिका ने बकाया भुगतान के संबंध में बैंकों को नोटिस भी जारी किया है। बावजूद जलकर भुगतान को लेकर बैंक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। नगर पालिका इन्हें तीसरी बार नोटिस देने की तैयारी में जुटा है। यही हाल शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस विभाग सहित अन्य का भी है। उधर, सरकारी विभागों का कहना है कि वर्ष 2014 के बाद अभी तक जलकर बकाए की सूची अपडेट नहीं की गई है।
इस दिशा में काम चल रहा है।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र में रहने वाले लोगों से गृहकर एवं जलकर के रूप में सालाना कर वसूली की जाती है। नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले आम लोगों की तरफ से तो इसका भुगतान कर दिया जाता है, लेकिन कुछ सरकारी विभागों की ओर से इसे अदा करने में रुचि नहीं दिखाई जाती। यही वजह है कि पालिका का लाखों रुपये कर के रूप में बकाया चल रहा है। वर्ष 15-16 में पालिका क्षेत्र में स्थित विभिन्न बैंकों का जलकर का सात लाख 45 हजार 521 रुपया पालिका परिषद पर बकाया है।
सबसे ज्यादा जलकर का बकाया एक्सिस बैंक पर है। इन बैंकों को पालिका परिषद की तरफ से बकाए का भुगतान करने की दो बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक कर का भुगतान नहीं किया गया है।पालिका परिषद की तरफ से इन्हें पुन: नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। उधर, देखा जाए तो आम आदमी पर जलकर बकाए को लेकर विभाग सख्ती बरतता है, लेकिन जब सरकारी विभाग और बैंकों से कर वसूली की बात आती है तो उदासीन हो जाता है।
यही वजह है कि बैंकों को छोड़कर अन्य किसी भी सरकारी विभाग को जलकर बकाया होने के बाद भी अभी तक नोटिस जारी नहीं की गई है।