मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तीमारदार की पिटाई करता सुरक्षाकर्मी। स्रोत- वीडियो ग्रैब
गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को बेटी का उपचार कराने पहुंचे तीमारदार दंपती पर बाउंसर व सुरक्षा कर्मियों ने जमकर लाठियां बरसाईं। वायरल वीडियो में सुरक्षार्मी और बाउंसर लगातार लाठी चलाते दिख रहे।
मामला आने पर शाम को प्राचार्य ने बाउंसर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया और जांच के लिए तीन सदस्यी कमेटी गठित की है। वहीं देर शाम पुलिस ने पीड़ित दंपती की तहरीर पर एक नामजद और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज किया है। वायरल वीडियो का संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। सुहवल थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट निवासी मनोज यादव ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह दोपहर करीब 1.45 बजे पत्नी व बेटी को लेकर उपचार के लिए गोराबाजार स्थित नवनिर्मित 300 बेड के अस्पताल में गए थे। आरोप लगाया कि ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने के दौरान वहां तैनात बाउंसर व सुरक्षा कर्मी गाली देने के साथ मारने- पीटने लगे। बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी धक्का देने के साथ उसे भी पीटा। इससे हाथ और शरीर चोट आई है। ओपीडी में मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच- बचाव करके पति- पत्नी की जान बचाई। आरोप लगाया कि पहले भी आए दिन सुरक्षा कर्मी और बाउंसर मारपीट करते रहे हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित मनोज यादव की तहरीर पर बाउंसर अभिमन्यू सिंह और दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।
कैसे दवा खिलाना है पूछते ही बाउंसर ने चलाई लाठी
गाजीपुर। पीड़ित मनोज यादव ने बताया कि चार वर्षीय बेटी के कान में चना अटक गया था। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि बेहोश करके निकालना होगा। इस पर मेडिकल अस्पताल पहुंचा और पर्ची कटवाकर ईएनटी विभाग में नंबर लगाया। वहां डाॅ फैजए डाॅ जमाल और डाॅ आरती बैठे थे। जब नंबर आया तो बेटी को लेकर पहुंचा तो चिकित्सक ने दवा लिखा और कहा कि कान की सफाई करा लिजिए। जब बेटी के कान की सफाई कराकर ओपीडी कक्ष में पहुंचा तो डॉक्टर को खाने के लिए ठंडा व समोसा आ गया। इसके बाद डॉक्टर के कहने पर बाहर ओपीडी कक्ष से बाहर निकल गया। इसके बाद पत्नी के कहने पर जब यह पूछने गया कि दवा कैसे खाना है तो बाउंसर अंदर नहीं जाने दिया। इंतजार करने के बाद फिर कहा कि ओपीडी कक्ष में जा सकते हैं, तो बाउंसर कहासुनी करने लगा और जाने नहीं दिया। जैसे ही पीछे मुड़ा बाउंसर और सुरक्षाकर्मी लाठी से पीटने लगे।
तीमारदार से मारपीट की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। बाउंसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल हटा दिया गया है। साथ ही अन्य सुरक्षा कर्मियों को चिह्नित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। - प्रो. आनंद मिश्रा, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल
डॉक्टर ने तीमारदार पर दर्ज कराई प्राथमिकी
गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तीमारदार दंपती और मरीज की पिटाई के मामले में रात करीब 9.30 बजे नया मोड़ आ गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ईएनटी विभाग में तैनात डाॅ. फैज ने तीमारदार ताड़ीघाट निवासी मनोज यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ईएनटी विभाग में तैनात डॉ. फैज ने तहरीर देकर बताया कि तीमारदार मनोज यादव अपनी बच्ची को लेकर उपचार के लिए ओपीडी पहुंचा। इस दौरान मौके पर मौजूद जूनियर डॉक्टर बच्ची को देखने लगें। इस पर मनोज यादव अपने को ठेकेदार बताते हुए गाली- गलौज करते हुए बाहर निकलने के बाद देख लेने की धमकी देने लगा। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि डॉ. फैज की तहरीर पर मनोज यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर छानबीन की जा रही है। संवाद