वन विभाग के सचिव सुनील पांडेय ने सोमवार को जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। जिला पंचायत के सभागार में उन्होंने बारी-बारी से सभी विभाग के अफसरों से अबतक हुए कार्यों के बारे में जानकारी ली। पेयजल संकट की बात सामने आने पर उन्होंने जलनिगम के अधिकारियों का चेताया। कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए खराब हैंडपंपों की रिबोरिंग तत्काल कराई जाएगी।
सचिव ने 25 लाख से अधिक की लागत से निर्माणाधीन सड़क, राजस्व संग्रह, लोहिया गांव, जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना, 12वीं पास छात्राओं में लैपटॉप वितरण, सभी प्रकार के पेंशन वितरण, पेयजल मिशन, ट्रांसफार्मर लगाने, राजकीय नलकूपों के संचालन आदि से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नहरों में सिल्ट की सफाई, खाद, बीज की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी लेने के बाद इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने देने की नसीहत दी। उन्होंने अफसरों से कहा कि जिले में जो भी विकास कार्य हो रहा है उसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए। ताकि उसका सत्यापन समय से कराया जा सके। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की सूची देने का निर्देश दिया। जल निगम की समीक्षा के दौरान सचिव ने अधिकारियों को चेताया कि गर्मी चरम पर है।
गांवों में हैंडपंप खराब होने के कारण पेयजल संकट की स्थिति बन रही है। ऐसे में खराब हैंडपंपों की तत्काल रिबोरिंग कराई जाए। 200 बेड के अस्पताल की समीक्षा के दौरेान अभियंताओं ने बताया कि निर्माण कार्य समय से पूरा करा दिया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि वे नई बनी सड़कों की जांच कराएं। बताया गया कि कौशल विकास योजना का लक्ष्य पूरा हो गया है। जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत 2014-15 में 11 में से 9 गांवों को विकास कार्यों से संतृप्त किया गया है। इस मौके पर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मुरलीधर मिश्र आदि मौजूद रहे।