जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में दाखिले के लिए शनिवार को प्रवेश
परीक्षा कराई गई। जिले के पांच केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में 31 सौ से
अधिक परीक्षार्थी उपस्थित थे जबकि ढाई सौ से ज्यादा गैरहाजिर रहे। परीक्षा
सकुशल संपन्न कराने के लिए सचल दस्ते के साथ ही केन्द्रवार मजिस्ट्रेट
तैनात किए गए थे।
जवाहर नवोदय विद्यालय में हर वर्ष कक्षा-6 में
प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की जाती है। विद्यालय की 40 सीट के लिए आज
परीक्षा कराई गई। दिन में 11 से डेढ़ बजे तक हुई इस परीक्षा के िलए शहर में
पांच केंद्र बनाए गए थे। राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में 865 और लूर्द्स
कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में 703 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इसके अलावा
महात्मा ज्योतिराव फूले पब्लिक स्कूल स्थित केन्द्र पर 814, शाहफैज पब्लिक
स्कूल में 403 तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 626 परीक्षार्थी पंजीकृत
थे। प्रवेश परीक्षा में 3156 परीक्षार्थी बैठे। सबसे ज्यादा 36 परीक्षार्थी
मनिहारी विकासखंड के अनुपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य मुख्तार आलम, परीक्षा
प्रभारी राजेश यादव, उप प्रभारी शिवशंकर सिंह, कार्यालय अधीक्षक अजीत कुमार
ने केन्द्रों का निरीक्षण किया। प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने बताया कि
ओएमआर शीट मूल्यांकन हेतु सीबीएसई केंद्र भेजी जाएंगी।