रेवतीपुर। रेवतीपुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ तीन मरीजों के मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। इलाके के पकड़ी गांव में एक तथा रेवतीपुर गांव में दो मरीजों के मिलने के बाद अब इन स्थानों को सील करने की कवायद शुरू हो गई। मोहल्ले में लगातार साफ-सफाई एवं सैनिटाइेशन का कार्य किया जा रहा है।
पकड़ी गांव का युवक महाराष्ट्र के कोल्हापुर से ट्रक के जरिए पहले जमानिया आया फिर वहां से बाइक लेकर अपने गांव आया था। उधर रेवतीपुर गांव का युवक गुजरात के बड़ोदरा से ट्रक से आया था। ग्रामीणों का कहना है कि कोरोना पाजिटिव मरीजों के मिलने के बाद भी प्रशासन की ओर से पूरी तरह से सख्ती नहीं की जा रही है। लोग न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न हीं मास्क का प्रयोग कर रहे हैं। उपजिलाधिकारी सेवराई देर शाम रेवतीपुर के कोराना पाजिटिव रोगी पाए जाने वाले मुहल्ले में पहुंचे। यहां आने जाने वाले सात प्रमुख मार्गों को बंद कर दिया गया। वहां बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती कर दी है। जरूरी सामानों के होम डिलीवरी का भी निर्देश दिया।