गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक पार्टी कार्यालय समता भवन पर मंगलवार को हुई। इसमें कोरोना संकट से आई विपदा के समय पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर तीखा रोष व्यक्त किया गया।
जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि विपदा के समय इस प्रकार पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर देशवासियों की गाढ़ी कमाई को लूटना एक तरह से आर्थिक देशद्रोह है। आज 130 करोड़ भारतीय कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। रोजी-रोटी की मार झेल रहे हैं और संकट के समय में भी जनविरोधी भाजपा सरकार रात के अंधेरे में देशवासियों के खून पसीने की कमाई लूटने में लगी है। कच्चे तेल की कीमत पूरी दुनिया में न्यूनतम स्तर पर है, उसका लाभ 130 करोड़ देशवासियों को देने के बजाए मोदी सरकार पेट्रोल और डीजल पर निर्दयी तरीके से टैक्स लगाकर मुनाफाखोरी कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय जब दुनिया की सरकारें जनता के जेब में पैसा डाल रही है, इसके उलट मोदी सरकार देशवासियों से मुनाफाखोरी कर रही है। मोदी सरकार तत्काल डीजल एवं पेट्रोल के दामों पर अंकुश लगाए, नहीं तो पार्टी के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, राजेश कुशवाहा, अरुण कुमार श्रीवास्तव, निजामुद्दीन खां, सिकंदर कनौजिया, तहसीन अहमद, रविंद्र यादव, दिनेश यादव, राजेश यादव, आकिब, नन्हे, सदानंद यादव आदि उपस्थित थे।
...