नियामताबाद। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर में एक फैक्टरी के सामने शुकवार को सुबह सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवशंकर मिश्र (40), निवासी कोरमा, थाना भालू मारा, जिला अनिरुद्धपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार शिवशंकर औद्योगिक क्षेत्र में ही एक कंपनी में काम करता था। वह सुबह किसी काम से स्कूटी लेकर निकला था। राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक से उसकी स्कूटी पर टक्कर मार दी, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग पहुंचे लेकिन तब तक ट्रक छोड़कर चालक भाग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद शिव शंकर के परिवार वालों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रक को औद्योगिक नगर पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया। मुगलसराय कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।