गाजीपुर। बेसिक शिक्षा के परिषदीय विद्यालय 27 दिनों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद पहले दिन मंगलवार को बच्चों की खिलखिलाहट से गुलजार हो गए। हालांकि पहले दिन स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही, लेकिन जो बच्चे स्कूल पहुंचे उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
विद्यालयों को फूल-पत्ती, गुब्बारों आदि से सजाया गया था। बच्चों को रोली और चंदन का टीका लगाया गया। पहले दिन परिषदीय स्कूलों के गेट पर आरती की थाल और फूल-माला लेकर शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थीं। बच्चों के पहुंचने के बाद उन्हें रोली-चंदन लगाते हुए फूलों की वर्षा एवं माला पहनाकर कक्षाओं में प्रवेश दिया गया।
कक्षा में प्रवेश लेने के बाद बच्चे पहले अपने पुराने सहपाठियों को खोजते रहे। पुराने सहपाठी मिले तो चेहरे खुशी से खिल गए। सादात ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर और कंपोजिट विद्यालय बरहपार नसरतपुर में पंकज यादव सहित अन्य शिक्षकों ने बच्चों का स्वागत करते हुए प्रवेश दिलाया।
प्राथमिक विद्यालय मखदूमपुर में प्रधानाध्यापक रामउग्रह यादव सहित अन्य शिक्षकों ने मिठाई खिलाई और कॉपी-पेन देकर मन लगाकर पढ़ने के लिए बच्चों को प्रेरित किया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बिजहरी में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और मिठाई के साथ आम भी वितरित किया गया। उच्च प्राथमिक प्राथमिक विद्यालय सादात में चंदन और तिलक लगाकर और बच्चों की आरती उतारकर स्वागत किया गया।
प्राथमिक विद्यालय गौरा, प्राथमिक विद्यालय सादात प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं कंपोजिट विद्यालय मजुई, बरहपार नसरतपुर, महुरसा, पचरुखवा, बहरियाबाद, शिशुआपार, कटया, बुढ़नपुर, डोरा सहित अन्य स्कूलों में भी बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर में आरती उतारकर बच्चों का स्वागत करते शिक्षक। संवाद
प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर में आरती उतारकर बच्चों का स्वागत करते शिक्षक। संवाद