गाजीपुर। द सन शाइन सीनियर हायर सेकंडरी स्कूल में बच्चों को ढोने वाले वाहनों के संचालन में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता डॉ. एम खालिद ने परिवहन आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि स्कूल में बिना आरसी और अनफिट वाहनों से बच्चों का परिवहन कराया जा रहा था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 अगस्त को परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल में छापेमारी की। आरोप है कि छापेमारी की सूचना स्कूल प्रबंधन तक पहुंच गई। इसके बाद प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने कई वाहनों को मौके से हटा दिया या छिपा दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विद्यालय में कई ऐसे स्कूल वाहन हैं, जिनकी आरसी तक नहीं है। ऐसे में बच्चों को इन वाहनों से ले जाना उनकी जान को जोखिम में डालने जैसा है।
शिकायतकर्ता डॉ. एम. खालिद ने परिवहन आयुक्त, डीएम और एसपी से मामले की गंभीरता से जांच तथा स्कूल में संचालित सभी अनियमित और बिना आरसी वाले वाहनों को तत्काल सीज करने की मांग की है। वहीं, सनशाइन पब्लिक स्कूल जखनिया के प्रधानाचार्य संतोष कुमार राय ने कहा कि इस संबंध में ट्रांसपोर्ट मैनेजर ही विस्तृत जानकारी देंगे। जबकि स्कूल के ट्रांसपोर्ट मैनेजर पारस पांडे ने बताया कि हमारे विद्यालय में 25 स्कूली बसें चलती हैं। जांच के दौरान जो भी कमियां थीं उनमें से ज्यादातर का फिटनेस ठीक हो गया है। अभी चार बसों का फिटनेस करवाना है। उधर, एआरटीओ धनवीर यादव का कहना है कि शिकायत पर संबंधित स्कूल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिन वाहनों का फिटनेस फेल था उनका पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। साथ एक वाहन को सीज किया गया था और तीन वाहनों को चालान किया गया था। आगे भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए टीम बनाई गई है।