सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक और प्रतिष्ठित व्यापारी संतोष जालान (70) की बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े 12 बजे उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वह विद्यालय से निकल रहे थे। जमानिया तहसील
के ठीक सामने हुई इस वारदात से नाराज लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और कोतवाल को हटाने की मांग लेकर जमानिया-गाजीपुर मार्ग पर चार घंटे तक चक्काजाम कर दिया। बाद में डीएम और एसपी ने लोगों को समझाकर
जाम खुलवाया। संतोष जालान के भाई राजेश जालान ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संतोष जालान मंगलवार को करीब 12 बजे अपने विद्यालय का कामकाज निपटाकर निकल रहे थे। इसी दौरान कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठा एक युवक पैदल ही उनके पास पहुंचा और
बिना कुछ कहे उसने तमंचा तान दिया। तमंचा देख संतोष जालान ने पीछे घूमकर भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान युवक ने पीठ में गोली मार दी। इसके बाद वह तमंचा लहराते हुए कुछ दूरी पर खड़े बाइक सवार
अपने साथी के पास पहुंचा और बाइक पर बैठ दोनों फरार हो गए। वारदात के बाद कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। साथ ही निजी वाहन से उपचार के लिए उन्हें वाराणसी
ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में नंदगंज के पास उनकी मौत हो गई। इसके बाद लोग उनका शव लेकर जमानिया लौट आए।
उधर, इस वारदात से नाराज लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और कोतवाल को हटाने की मांग लेकर गाजीपुर-जमानिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर चार-पांच थानों की पुलिस पहुंच गई। सीओ राममोहन
सिंह, एसपी ग्रामीण अनिल सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे डीएम और एसपी को बुलाने पर अड़े रहे। कुछ देर पश्चात डीएम नरेंद्र सिंह पटेल और एसपी आनंद कुलकर्णी मौके पर पहुंचे और हत्यारों की
गिरफ्तारी और कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में संतोष जालान के भाई राजेश जालान ने धुस्का
निवासी अनिल यादव, खिदिरपुर निवासी बबलू खां, हरपुर निवासी गुड्डू और लल्लू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल एएन सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।