क्षेत्र के महमूदपुर पाली राजभर बस्ती के पास बुधवार की देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर विद्यालय के प्रबंधक और प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी कैलाश यादव (52) की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनको चार गोलियां मारी थीं। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराज ग्रामीणों पहाड़पुर चौराहे पर
शव रखकर गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक चले जाम के दौरान वाहनों का आवागमन अवरुद्ध रहा। पुलिस अधीक्षक ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
बड़हरा गांव निवासी कैलाश यादव (52) श्री लखन दास खड़ेश्वरी महाराज इंटर कालेज देवसिहा के प्रबंधक थे। वह शाम को पहाड़पुर चट्टी पर स्थित दूकान से पान खाकर बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान करीब सवा छह बजे महमूदपुर पाली राजभर बस्ती के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर नजदीक से प्रबंधक पर चार गोलियां दाग दी। गोली लगते ही प्रबंधक बाइक सहित गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर उनकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर बस्ती के दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि कैलाश खून से लथपथ होकर मृत पड़े थे। घटना के कुछ ही देर बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी प्रबंधक के
परिवार वालों और पुलिस को दी। जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण प्रबंधक का शव लेकर पहाड़पुर चौराहा पर पहुंचे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही नंदगंज सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास
करने लगी, लेकिन लोग गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल, पुलिस अधीक्षक रामकिशोर, एसपी सिटी लल्लन राय, सदर सीओ वेदप्रकाश सिंह मौके पर पहुंच गए। एसपी और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। बाद में पुलिस अधीक्षक ने लोगों को इस बात से आश्वस्त किया कि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसके बाद लोगों का गुस्सा थमा और दो घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। जाम समाप्त होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पता चला है कि प्रबंधक कैलाश यादव प्रधान पद पर चुनाव लड़ने की तैयारी में थे लेकिन यह बात स्पष्ट नहीं हो पाई है। हत्या चुनावी रंजिश में हुई या किन्ही अन्य कारणों से, इसकी जांच की जा रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही हमलावर पकड़ लिए जाएंगे।-रामकिशोर, पुलिस अधीक्षक