कोतवाली क्षेत्र के जनकपुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर अनियंत्रित होकर बच्चों से भरी एक स्कूली बस सड़क किनारे पानी भरे खेत में पलट गई। इस घटना में एक दर्जन बच्चे चुटहिल हो गए। सभी का उपचार स्थानीय चिकित्सक
से कराया गया। एक विद्यालय की बस छुट्टी होने के बाद बच्चोें को घर छोड़ने के लिए जा रही थी। इसी दौरान जनकपुर गांव के पास तेज रफ्तार बस का चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क किनारे पानी लगे खेत में पलट गई।
बस पलटते ही उसमें सवार बच्चे चीख-पुकार करने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग बस की तरफ दौड़ पड़े। आनन-फानन में लोगों ने एक-एक कर सभी बच्चों को बाहर निकाला। इस घटना में करीब दर्जन बच्चे चुटहिल हो
गए। घायल सभी बच्चे घटनास्थल के गांव के ही थे। बच्चों के अभिभावकों ने स्थानीय चिकित्सक से बच्चों की मरहम-पट्टी करवाई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे अभिभावकों में चालक के प्रति रोष था। उनका
कहना था कि यह तो संयोग ही था कि जिस स्थान पर बस पलटी, उसमें सवार बच्चे उसी गांव के रहने वाले थे। अगर कही ऐसे स्थान पर बस पलटी होती, जहां आबादी नहीं होती और चालक भी मौके से फरार हो जाता तो बच्चों को बस के अंदर से कौन निकालता।