राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर देश को आजाद कराने के लिए तहसील भवन पर तिरंगा फहराने आए आठ क्रांतिकारियों के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने अमर शहीद डा. शिवपूजन राय एवं
उनके शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि अगस्त क्रांति का जब भी जिक्र होता है मुहम्मदाबाद की क्रांति को सम्मान पूर्वक अवश्य याद किया जाता है। शहीद किसी गांव या जिले के
नहीं बल्कि राष्ट्र की धरोहर है। शहीद पार्क में मंगलवार को आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जहां तक शहीद पार्क के सुंदरीकरण का सवाल है। उन्होंने पिछले वर्ष ही शहीद स्मारक समिति के लोगों से कह दिया था कि
क्रांतिकारियों के शहादत के अनुरूप उनकी याद में बने इस पार्क की भव्यता के लिए प्रस्ताव बनाएं। उसके लिए पैसे की कमी आड़े नहीं आएगी। सांसद भरत सिंह ने कहा कि मुहम्म्दाबाद एवं बलिया के बैरिया में आज ही के दिन नौजवानों ने
देश को आजाद कराने के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। 10 माह पहले उन्होंने अपने सांसद निधि से मुहम्मदाबाद शहीद पार्क एवं शहीदों के गांव शेरपुर में बने शहीद पार्क के सुंदरीकरण के लिए 10-10 लाख रुपए जारी करा दिया है। इस अवसर
पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक अलका राय, पशुपति नाथ राय, अमिताब अनिल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, महामंत्री सुनील सिंह, विजय शंकर राय आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रारंभ में शहीद स्मारक भवन पर
शहीद के पुत्र सुदर्शन राय ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्र गान के बाद हवन पूजन कर शहीदों की याद में बनाई गई झांकी एवं शहीद झंडे का अनावरण रेल राज्य मंत्री श्री सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कालिका
उपाध्याय और संचालन चौधरी दिनेश चन्द्र राय ने किया। अंत में शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष अभय नरायण राय ने आभार प्रकट किया।
राज्य मंत्री ने किया सम्मानित
शहादत दिवस पर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कालिका उपाध्याय, शहीद कर्नल एमएन राय के पिता नागेन्द्र राय, शहीद के पुत्र सुदर्शन राय एवं सच्चिदानन्द राय को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे डीएम-एसपी
शहादत दिवस के अवसर पर हर वर्ष जिलाधिकारी की ओर से शहीद स्मारक भवन पर ध्वजा रोहण एवं पुलिस अधीक्षक की ओर से शहीद झांकी का अनावरण किए जाने की परंपरा थी। पिछले एक दशक से यह परंपरा टूट गई थी। लेकिन इस
वर्ष जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह पटेल एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने शहीद पार्क में आकर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि शहीदों के सम्मान में उनकी ओर से जो भी संभव होगा किया जाएगा। अगले वर्ष से वह ऐसी व्यवस्था बनाएंगे कि पुरानी परंपरा के अनुसार जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक 18
अगस्त के कार्यक्रम में जरूर भाग लेंगे। साथ ही इस तिथि को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग पर भी विचार कर निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार
पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुुमार सिंह, उपजिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, क्षेत्राधिकारी मनमोहन पांडेय तथा तहसीलदार उमेश चंद्र निगम आदि प्रमुख रहे।
श्रद्धांजलि देने वालों का लगा रहा तांता
शहादत दिवस के अवसर पर शहीद पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों को तांता सुबह से लगा रहा। इस अवसर पर सपा नेता राजेश राय, रामधारी सिंह यादव, डीसीएफ के चेयरमैन विजय शंकर राय, पूर्व प्रमुख रामायण सिंह यादव, मिर्जा
अशफाक बेग, आनन्द राय सांकृत, मारकंडेय सिंह, शहीद पुत्र जितेन्द्र नाथ घोष, शफीक अहमद, रामाज्ञा राय, विजय शंकर राय, विरेन्द्र राय, ओम प्रकाश राय, कृष्णानंद राय, एवाई अब्बासी, राजेन्द्र यादव, कवि दिनेश चंद्र शर्मा, विद्यासागर गिरी आदि उपस्थित थे।