यूपी में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा का चुनाव होना है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी छोटे-बड़े दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुट गए हैं। सपा जहां अपनी खोई हुई जमीन वापस पाना चाहती है वहीं भजापा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए पूरा जोर लगा रही है। भाजपा सरकार के कामकाज से जनता कितना संतुष्ट है और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार को लेकर लोगों की राय क्या है? प्रदेश की जनता के 'मन की बात' जानने के लिए आमर उजाला ने एक अभियान चलाया है जिसका नाम है 'सत्ता का संग्राम'। इस अभियान के तहत अमर उजाला की टीम प्रदेश की सभी विधानसभाओं में जाकर तमाम मुद्दों को लेकर लोगों से बात कर रही है और ये जानने की कोशिश कर रही है कि क्षेत्र के मौजूदा विधायक के काम-काज से जनता कितना संतुष्ट है? इसी कड़ी में गाजीपुर जिले की मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट का अमर उजाला की टीम ने जायजा लिया।
छात्राओं ने बताया कैसी है सुरक्षा-व्यवस्था, शिक्षा और रोजगार में कितना हुआ सुधार?
गाजीपुर जिले की मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट का अमर उजाला की टीम ने सत्ता का संग्राम के तहत जायजा लिया। इसी कड़ी में बातचीत के दौरान छात्राओं ने बताया कि योगी सरकार में महिला सुरक्षा बहुत अच्छी है, महिला सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों के लिए योगी सरकार का धन्यवाद करती हैं। साथ ही छात्रों ने बताया कि पहले आने-जानें में डर का माहौल रहता था लेकिन अभी ऐसा नहीं है। अब महिलाएं किसी भी समय आती जाती हैं। छात्राओं ने बताया की पहले की अपेक्षा वो योगी सरकार में खुद को ज्यादा सुरक्षित महससू करती हैं।
मोहम्मदाबाद के किसानों का क्या है मूड ?
मोहम्मदाबाद में किसानों से बातचीत के दौरान किसानों ने बताया कि बीजेपी सरकार में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, आलू का दाम कम होने की वजह से किसानों को नुकासान हो रहा है। सड़कों का निर्माण लगातार हो रहा है। कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है नहीं तो पहले दिन में ही डकैती हो जाया करती थी। प्रदेश में बीजेपी की योगी आने के बाद कानून व्यवस्था पटरी पर लौटी है। वहीं किसानों नें स्थानीय विधायक के काम को लेकर नाराजगी जताई।
मोहम्मदाबाद के व्यापारियों के क्या हैं मुद्दे?
मोहम्मदाबाद विधानसभा में व्यापारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि योगी सरकार में कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। योगी सरकार से पहले हर दो महीने में यहां हत्या होती थी लेकिन योगी सरकार आने के बाद से यहां कोई कत्ल नहीं हुआ। वहीं व्यापारियों में स्थानीय विधायक को लेकर नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने विधायक के काम से नाराज दिखे। सभी व्यापारियों ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की।
मोहम्मदाबाद विधानसभा में कितना विकास ?
मोहम्मदाबाद विधानसभा में स्थानीय विधायक के काम से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने कहा कि यहां का विकास जो हो रहा है वो योगी सरकार की वजह से हो रहा है। लोगों ने बताया कि दस साल पहले हम लोग सुकून से सो नहीं पाते थे लेकिन अब बेधड़क होकर रहते हैं कोई दिक्कत नहीं है। योगी सरकार में बहुत विकास हुआ है। जनता अब जागरुक हो चुकी है। आगे लोगों ने कहा कि वो विकास और योगी सरकार की कानून-व्यवस्था के नाम वोट करेंगे।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की कैसी तस्वीर?
मोहम्मदाबाद विधानसभा में लोगों ने बताया कि पहले स्कूल जाने में छात्राओं को बहुत मुशस्किलों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है। लोगों ने बताया कि वो इस बार विकास के नाम वोट करेंगे लेकिन मौजूदा विधायक को वोट नहीं करेंगे। मौजूदा विधायक के बारे में लोगों ने बताया कि वो बाढ़ में नाव में बैठने का मजा लेने और रील बनाने आते हैं बाकी उन्होंने कोई विकास नहीं किया है।