सदर तहसील के अख्तियारपुर स्थित राइस मिल पर बिजली बिल 19 लाख रुपये बकाया होने पर बुधवार को कुर्की की कार्रवाई की गई।
अख्तियारपुर में स्थित सर्वेश्वरी राइस मिल पर पांच वर्ष से बिजली बिल बकाया था। विभाग द्वारा कई बार उनको बिल जमा करने के लिए नोटिस दिया गया। सदर तहसीलदार अभिषेक कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम की ओर से 19 लाख रुपये बकाया बिल वसूली के लिए प्रोपराइटर धनमान सिंह को नोटिस दिया गया। बावजूद इसके बकाया बिल नहीं जमा किया गया। जिस पर राजस्व विभाग की टीम के साथ पहुंचकर राइस मिल को कुर्क कर दिया गया।
इनसेट
बिजली चोरी के मामले में 34 पर मुकदमा दर्ज
दिलदारनगर। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में बुधवार को बिजली विभाग एवं विजिलेंस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर ककुल 48 घरों की जांच की गई। इस दौरान 34 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। जबकि 12 नए मीटर लगाए गए।
अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह ने बताया कि देवैथा गांव में 80 प्रतिशत लोग मीटर बाईपास करके फिक्स बिल बहुत दिनों से जमा कर रहे हैं। ऐसे लोगों की सूची भी तैयार कर ली गई है। सभी लोगों को नोटिस भेजकर राजस्व क्षतिपूर्ति के रूप में रिकवरी की जाएगी और इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। देवैथा गांव में लाइन लॉस बहुत ज्यादा है, जो बराबर चेकिंग अभियान चलता रहेगा। जो भी बकायेदार उपभोक्ता हैं वह अपना बिल तत्काल जमा कर दें।