गाजीपुर। महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती सपा कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह भवन में शनिवार को मनाई गई।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का प्रतीक है। देश की आजादी के आंदोलन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने अहमदाबाद में बने विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के स्थान पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे पटेल समाज सहित उनके करोड़ों अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उनके ऐतिहासिक योगदान को किसी भी प्रकार से विस्मृत नहीं किया जाना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, महेंद्र चौहान, अशोक बिंद, डॉ. सीमा यादव, बलिराम पटेल, रामधीरज शास्त्री, रामवचन आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला महासचिव कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।