लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोड़उर मठिया गांव के पास नव निर्मित पुलिया के एप्रोच पर बालू लदा ट्रक फंसने से शनिवार को लठ्ठूडीह-कोटवा मार्ग पर करीब आठ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इससे राहगीरों के साथ ही ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोड़उर मठिया गांव निवासी उमाकांत पांडेय ने बताया कि लठ्ठूडीह-कोटवा मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा गोड़उर मठिया गांव के पास पुुरानी पुलिया को तोड़कर नयी पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार प्रांत के पटना से ट्रक में बालू लादकर बलिया जनपद के गढ़वार के लिए जा रहा था। इसी दौरान ट्रक पुलिया के निर्माणधीन एप्रोच मार्ग में फंस गया। इस दौरान कोई व्यवस्था नहीं होने से ट्रक करीब आठ घंटे तक फंसा रहा। ग्रामीणों ने सुबह करीब आठ बजे दो जेसीबी मशीन के सहारे फंसे ट्रक को बाहर निकलवाया। इसके बाद एक-एक कर वाहनों को निकलवाकर जाम को खत्म कराया। इस दौरान न तो पुलिस और न ही लोक निर्माण विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचकर फंसे ट्रक को निकलाने की कोशिश किया।थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि इसको लेकर कोई सूचना नहीं मिली है।