खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा शनिवार को स्थानीय बाजार एवं सलामतपुर में छापेमारी कर मिठाई की छह दुकानों के साथ किराना की एक दुकान से नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया । इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र की मिठाई एवं किराने की दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
मालूम हो कि क्षेत्र में लंबे समय से मिठाई एवं किराने की दुकानों पर नकली एवं चलानी सामानों की बिक्री जोरों से किए जाने की शिकायत मिल रही थी। इसी के मद्देनजर रसद विभाग की टीम नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय चौक पर छापेमारी की। इस दौरान कुल पांच मिठाई की दुकानों से विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए गए। इसी प्रकार टीम ने सलामतपुर चट्टी पर एक मिठाई की दुकान के साथ एक किराने की दुकान से नमूना लिया। टीम के अचानक धमकने से पूरे क्षेत्र के किराना एवं मिठाई के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और सभी अपनी दुकानें धड़ाधड़ बंद कर फरार हो गए। इस संबंध में नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा ने बताया कि कासिमाबाद में कुल पांच दुकानों की सैंपलिंग हुई है। इसी प्रकार सलामतपुर में एक मिठाई के साथ एक किराने की दुकान से नमूना लिया गया है। सभी नमूने जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।