गाजीपुर। जिले के परिषदीय, निजी और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने की प्रगति अभी लक्ष्य से काफी पीछे है। जिले में कुल 61.7 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हो पाया है।
28 अक्तूबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले के कुल 6,84,951 विद्यार्थियों में से 4,22,373 की अपार आईडी बन सकी है। इस तरह शेष विद्यार्थियों की आईडी बनाने के लिए शिक्षा विभाग को प्रयास तेज करने होंगे। ब्लॉकवार प्रगति में सैदपुर 70.9 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है, जबकि करंडा 69.2 प्रतिशत के साथ दूसरे और भदौरा 67.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके विपरीत मरदह 57.7 प्रतिशत प्रगति के साथ सबसे पीछे है। जमानिया में भी 58.2 प्रतिशत विद्यार्थियों की ही आईडी बन सकी है।
कासिमाबाद ब्लॉक में कुल 54855 विद्यार्थियों के सापेक्ष 32203 की अपार आईडी बनने का आंकड़ा दिया गया है। रिपोर्ट में प्रगति 58.7 प्रतिशत बताई गई है। यहां 22511 आईडी लंबित हैं। इनमें 6577 विद्यार्थियों का आधार सत्यापित नहीं है, जबकि 5182 विद्यार्थियों का आधार विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। आधार संबंधी खामियां आईडी बनाने की प्रक्रिया में बाधा बन रही हैं।
विभागवार आंकड़ों के अनुसार, बेसिक परिषदीय विद्यालयों में 78.2 प्रतिशत, एडेड विद्यालयों में 84.7 प्रतिशत और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में 84.4 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। वहीं बेसिक के निजी विद्यालयों में प्रगति महज 44 प्रतिशत है, जो सबसे कमजोर स्थिति है। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की आईडी बनाने में जिले की प्रगति 61.9 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, मनिहारी के केजीबीवी ने 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आधार संबंधी त्रुटियों को तत्काल दूर कराते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का निर्देश दिया है।