साईंनाथ तेरे हजारों हाथ, शिरडी वाले साईं बाबा, ओम साईं राम सरीखे गीतों से शनिवार को समूचा शहर गूंज उठा। मौका था साईं बाबा के वार्षिकोत्सव पर शहर के नबाबगंज स्थित शीतला मंदिर से निकाली गई साईंनाथ की पालकी और शोभा यात्रा का।
जिस रास्ते से यात्रा गुजर रही थी, उन रास्तों पर दर्शन के लिए पलके बिछाए भक्तों ने पालकी पर फूलों की वर्षा की। पालकी का दर्शन कर भक्त निहाल हो रहे थे। पालकी के आगे-आगे घोड़ा, ढोल, ताशा, नगाड़ा, बैंड और डीजे पर बज रहे भजन की धुन पर नाचते-झूमते भक्त बाबा का जयकारा करते चल रहे थे। शोभायात्रा नवापुरा स्थित श्री दुर्गा शिव सांई मंदिर पर पहुंच कर समाप्त हुई। यहां विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
रविवार को नवापुरा स्थित साईं मंदिर संस्थान की ओर से महाभंडारा होगा। नवाबगंज स्थित शीतला माता मंदिर से सुबह निकली शोभायात्रा में आगे-आगे घोड़े पर ध्वज पताका तथा पीछे श्रद्धा सबुरी लिखा बैनर लेकर भक्त चल रहे थे। यात्रा में शामिल भक्त माथे पर साईंनाथ की पीली पट्टी तथा कांधे पर पीला दुपट्टा लिए बड़ी संख्या में महिलाएं तथा स्कूली छात्राओं का समूह उत्साह के साथ चल रहा था।
इसके अलावा शिव, दुर्गा तथा अन्य देवी देवताओं की झांकियां भी लोगों को लुभाती रही। शोभायात्रा नबाबगंज, टेढ़ीबाजार, नखास, चीतनाथ, टाउनहाल, प्रकाश टाकीज, लालदरवाजा, मिश्र बाजार, महुआबाग, कचहरी, नवापुरा होते हुए मंदिर पर पहुंच कर समाप्त हुई। यात्रा में सांई नाथ के सैकड़ों भक्त शामिल थे।