स्वामी सहजानंद महाविद्यालय में विभिन्न मांगो को लेकर पिछले चार दिनों से अनशन कर रहे छात्रों ने बुधवार को पीरनगर चौराहे पर चक्काजाम के बाद कालेज में तालाबंदी कर उपद्रव किया, जिससे कालेज का कार्य प्रभावित रहा।
इस मामले में कालेज के प्राचार्य शशिकांत राय ने 11 नामजद समेत 50 अज्ञात छात्रों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। 11 सूत्री मांगों को लेकर छात्रों की ओर किया जा रहा अनशन 5वें दिन भी जारी रहा। सुबह करीब दस बजे
नाराज छात्रों ने पीरनगर चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चला जाम उपजिलाधिकारी और सीओ के समझाने के बाद खत्म हुआ। इसके बाद छात्र प्राचार्य से वार्ता करने के लिए कालेज आए। एसडीएम की उपस्थिति में हुई बातचीत
में प्राचार्य मांग पूरा करने के लिए तैयार हो गए लेकिन प्रशासन के जाने के बाद उन्होंने मांग पूरा करने से मना कर दिया। इसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ और उन्होंने कालेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। बाद में
सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर ताला तोड़कर स्थिति को काबू में किया। इस दौरान कालेज के कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा।
वहीं दूसरी ओर महाविद्यालय के छात्रनेताओं के एक गुट ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। इस दौरान कालेज और हास्टल में अवैध कब्जा से अवगत कराकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि केडी
छात्रावास अवैध लोगों से खाली कराया जाए। छात्रावास का आवंटन आरक्षण पर किया जाए। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रणजीत यादव एवं पंकज सिंह यादव आदि मौजूद रहे।