बारा। यूपी और बिहार को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 124-सी पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएचएआई ने कवायद शुरू कर दी है। ताड़ीघाट से बिहार बॉर्डर कर्मनाशा पुल तक हाईवे के अंधे मोड़ पर संकेतक बोर्ड आदि लगाने का काम शुरु कर दिया गया है। इससे क्षेत्रीय लोगों को हादसों में कमी आने की उम्मीद है।
एनएच-124 सी पर वैसे तो तमाम व्यवस्थाएं बेमानक हैं। यातायात को दुर्घटनाओं से बचाने के प्रबंध भी अब तक नदारद थे। हालांकि, देर से ही सही लेकिन अब एनएचएआई विभाग की ओर से सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यह हाईवे आवागमन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। हाईवे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। एनएचएआई के अधिकारियों ने टर्निंग प्वाइंट और अंधे मोड़ पर हो रही दुर्घटनाओं का संज्ञान लेकर संकेतक बोर्ड आदि लगाना शुरू कर दिया है। इससे अब वाहन चालकों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
नेशनल हाईवे 124-सी अंधे मोड़ एवं टर्निंग प्वाइंट पर संकेतक बोर्ड लगाया जा रहा है। रिफ्लेक्टर आदि भी जल्द लगाए जाएंगे। हाईवे पर अन्य कमियों को भी शीघ्र ही दूर किया जाएगा। - घनश्याम पांडेय, जेई एनएचएआई