जिला पंचायत की गरमाई सियासत पर मंगलवार को काफी हद तक विराम लग गया। सदस्यों का दावा है कि जिला पंचायत प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल ने उनकी मांगें मान ली हैं। अब 17 जनवरी को प्रस्तावित जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सभी मांगों को रखा जाएगा। इसमें सहमति से प्रस्ताव पास कर नियम बनाए जाएंगे और उस हिसाब से काम होंगे।
एक दिन पहले जिला पंचायत सभागार में 67 में से 47 पंचायत सदस्यों ने बैठक की। इसके बाद शाम को चार बजे अविश्वास लाने के लिए डीएम को प्रार्थना पत्र देने की तैयारी की।
इसकी जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के पति और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भी पहुंच गए और शाम छह बजे तक चली बैठक में 14 जनवरी की शाम चार बजे तक का समय मांगा। जिला पंचायत सदस्य आकाश यादव ने बताया कि अब सकारात्मक बात हो गई है।
17 जनवरी को होने वाली जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सभी मांगों को प्रस्ताव के रूप में रखा जाएगा, जिस पर सहमति से नियम बनाकर काम किए जाएंगे।