ईद पर्व पर तरह-तरह की खरीददारी के चलते शहर और कसबों के बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। सुबह से लेकर देर रात तक रेडिमेड कपड़े, चप्पल, क्राकरी समेत शृंगार आदि की दूकानों पर ग्राहक पहुंच रहे हैं। इस मौके को देखते हुए ब्रांडेड कंपनियां भी जहां तरह-तरह के आफर दे रही हैं, वहीं नए-नए फैशन में आए कपड़ों की खूब खरीददारी हो रही है।
उधर ईद पर मेहमान नवाजी में परोसे जाने वाले पकवानों और व्यंजन की तैयारी के लिए भी खरीद को लेकर बाजार में दबाव बना हुआ है। पर्व से उत्साहित लोगों में महंगाई का कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा है।
शहर के महुआबाग, मिश्रबाजार, लालदरवाजा, टाऊनहाल, चीतनाथ, कलक्टरघाट, रौजा, लंका, गोराबाजार आदि क्षेत्रों में ईद पर्व पर पिछले कई दिनों खरीददारी की धूम मची हुई है। इस पर्व पर सभी नए परिधान पहनते हैं तथा एक-दूसरे के घर जाकर मिलते-जुलते हैं। इस दौरान मेहमानों को तरह-तरह के व्यंजन और पकवान भी परोसे जाते हैं। इसकी तैयारी को लेकर कपड़ों की दूकानों पर खूब भीड़ हो रही है।
इस बार रेडिमेड की दूकानों पर भी पुरुष तथा महिलाओं के लिए नए-नए फैशन के खूब परिधान सजाए गए हैं। इसे पसंद करने के लिए देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ दूकानों पर जुट रही है। इसी प्रकार शृंगार की दूकानों पर भी महिलाएं पहुंच रही है। इस दौरान नाक, कान, गला में पहने जाने वाले गहनों खरीद कर रही है।
बढ़ते फैशन के दौर में महिलाएं हल्के तथा रोल-गोल्ड तथा अन्य नगों पर जोर दे रही है। कम कीमत में यह उत्पाद काफी आकर्षक भी लग रहे है। पहनावा के इसी क्रम में हल्के तथा चाइनीज चप्पलों की मांग खूब बढ़ी है। टाऊनहाल के पास लगाई गई दूकानों पर फैशनेबल, नगदार तथा खूबसूरत दिखने वाले चप्पलों की खूब बिक्री हो रही है। अंडर गारमेंट, रुमाल, मोजा आदि की इस समय खूब खरीद हो रही है।