गाजीपुर। लगातार बरसात से जिले की विभिन्न सड़कों की दशा खराब हो गई है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह सड़क टूट जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। शहर के हमीद सेतु के एप्रोच मार्ग के पास सड़क का बड़ा भाग धंस गया है। इसी तरह दुबिहा क्षेत्र के सियाड़ी की सड़क बीच में धंस गई, जिससे आवागमन हो गया है।
सुहवल संवाददाता के अनुसार हमीद सेतु का मुख्य एप्रोच मार्ग गत दिनों हुए बरसात के चलते करीब 10 फीट तक धंस गया। सुरक्षा की दृष्टि से इसके दोनों ओर बैरीकेटिंग कर सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में हुई तेज बारिश की वजह से यह एप्रोच धंस गया। बरसात का पानी तेज बहाव के साथ किनारे को तोड़ने लगा तथा बाद में गड्ढा बना दिया। इसके बाद अचानक वहां की जमीन ही धंस गई और एप्रोच मार्ग आधा से अधिक विलीन हो गया। शुक्रवार की दोपहर जब राहगीरों की नजर पड़ी तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। यह तो संयोग रहा कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हमीद सेतु के बाद सड़क दो तरफ बंट गई है। एक राजमार्ग जमानिया होकर सैयदराजा में जीटी रोड से मिल जाती है। दूसरा मार्ग सुहवल, रेवतीपुर, बारा होते हुए कर्मनाशा नदी पार कर बिहार राज्य से जुड़ जाता है। यह काफी व्यस्त मार्ग है जिस पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आना-जाना रहता है। एनएचएआई के मुुुुख्य इंजीनियर देवराज शर्मा ने बताया कि एप्रोच मार्ग धंसने की सूचना मिली है। जल्द मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। दुबिहा संवाददाता के अनुसार भांवरकोल विकासखंड के सियाड़ी गांव सभा के संपर्क मार्ग पर बीच में ही बड़ा सा गड्ढा बन गया है जिससे इस पर आवागमन ठप पड़ गया। लोगों को संपर्क टूट जाने से काफी परेशानी हो रही है। खास बात यह है कि इस सड़क का निर्माण अभी कुछ ही दिन पहले कराया गया है। गांव के धनंजय राय ने बताया कि विशेष मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर इस सड़क को तीन महीने पहले ही बनाया गया था। इसका निर्माण इतने घटिया स्तर पर हुआ है कि पहली बरसात भी नहीं झेल पाई।