विकास खंड के पौराणिक धर्म नगरी महाहर धाम में सावन मास में लगने वाले मेला के मद्देनजर सोमवार को जिलाधिकारी संजय खत्री और पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें मेला को सकुशल संपन्न कराने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने सड़क, साफ-सफाई, बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं को आठ जुलाई तक ठीक करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
बैरिकेडिंग कर वाहनों को मंदिर से दूर खड़ा कराया जाए, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो। संदिग्धों पर नजर रखी जाए। अधिक भीड़ होने पर कतार लगवाकर भक्तों को दर्शन करवाए जाएं, जिससे कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने मरदह-महाहर धाम मार्ग पर दो वर्षों से गोधनी पुलिया के पास गिट्टी डालकर छोड़े गए सड़क का मौका मुआयना किया और संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक मिश्रा, कासिमाबाद एसडीएम विजयशंकर तिवारी, सदर एसडीएम विनय कुमार गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ल, सीओ कासिमाबाद हृदयानंद सिंह, डीपीआरओ लालजी दुबे, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार त्रिपाठी, प्रभाकर पांडेय, मंदिर के अध्यक्ष जितेंद्रनाथ पांडेय, रामबचन सिंह, विरेंद्र सिंह, प्रवीण पटवा, शशिधर सिंह, श्रीकांत सिंह, शशिप्रकाश सिंह, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।