नंदगंज थाना के बबुरा गांव में मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा आग के हवाले की गई ट्रैक्टर-ट्र?
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में शुक्रवार की शाम पांच बजे सड़क के पास खेल रहे मासूम की ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मिट्टी लदे दो ट्रैक्टरों को आग के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ग्रामीणो कों समझाया लेकिन वह मुआवजा देने और अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। सूचना पर एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी और सैदपुर के एसडीएम मयफोर्स मौके पर पहुंचे। एसडीएम के आश्वासन पर ढाई घंटे बाद मामला शांत हुआ।
गांव निवासी अरविंद चौहान का पुत्र मखंचू (5) अपने मित्रों के साथ घर के सामने सड़क के पास खेल रहा था। इसी दौरान तेज गति से जा रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे रौंद दिया। पहिए से कुचलकर मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्राली को आग के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद मिट्टी लदा दूसरा ट्रैक्टर-ट्राली आता देख ग्रामीणों उसमें भी आग लगा दी। सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश सिंह पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और मामले को शांत कराने में जुट गए, लेकिन ग्रामीण उनकी बात अनसुनी करने के साथ मौके पर उच्चाधिकारियों को बुलाने और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। सात बजे एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सैदपुर के एसडीएम अनिरुद्ध, भुड़कुड़ा सीओ मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। तब जाकर पुलिस शव को कब्जे में ले पाई। वहीं जल रहे दोनों ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस कर्मी बुझाने में जुटे रहे। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।