आजाद स्पोर्टिंग क्लब नौली के तत्वावधान में इंटर कॉलेज नौली के मैदान पर अंतर प्रांतीय फुटबॉल प्रतियोगिता रविवार को आयोजित की गई। इसका उद्घाटन मैच रेवतीपुर और वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें रेवतीपुर ने एकतरफा मुकाबले में वाराणसी को 5-0 से पराजित किया।
रेवतीपुर की टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा। मध्यांतर तक टीम ने 2-0 की बढ़त बनाए रखी। मैच समाप्त होने तक रेवतीपुर ने 5-0 से एकतरफा मैच जीत लिया। इससे पहले ब्लाक प्रमुख अजिताभ राय राहुल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। मैच में रेफरी की भूमिका सत्येंद्र प्रेमी ने निभाई। इस मौके पर शिवम पांडेय, छोटू राय, इमरान अंसारी, शिवम सिंह आदि उपस्थित थे।