गाजीपुर। जिले के राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त सहायक अध्यापकों के पूल टीचर के रूप में चयन के लिए शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज के सभागार में काउंसिलिंग हुई। इसमें कुल 111 शिक्षकों में से 91 शिक्षक उपस्थित हुए।
काउंसिलिंग के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति ने प्रत्येक शिक्षक के सभी प्रमाण पत्रों की जांच की। उनके अवकाश ग्रहण करने की तिथि और जन्मतिथि का मूल प्रमाणपत्र से मिलानकर उसकी सत्यता की पुष्टि की। संबंधित शिक्षक ने जिस विषय के लिए आवेदन किया था, उस विषय को भी देखा गया कि वह सेवानिवृत्त होने से पहले वह विषय पढ़ा रहा था या नहीं। कुछ शिक्षक जिस विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे वहां से अन्यत्र किसी दूसरे विद्यालय के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन पर भी समिति ने विचार किया। समिति के अध्यक्ष वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक कुमार सिंह की देखरेख में समिति के सदस्य एवं राजकीय सिटी इंटर कालेज गाजीपुर के प्रधानाचार्य हरेंद्र कुमार, राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव, राजकीय हाई स्कूल मखदूमपुर के प्रधानाचार्य सीपी सिंह और राजकीय हाईस्कूल कटरिया के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार विश्वास ने काउंसिलिंग में उपस्थित सभी शिक्षकोंके स्वास्थ्य और उनकी पढ़ाने की क्षमता पर गौर किया। संबंधित विषय में उनके ज्ञान को टटोला। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय के निर्देशन में शुरू हुई यह काउंसिलिंग शनिवार को प्रवक्ता वर्ग की काउंसिलिंग होने के बाद संपन्न होगी। पूल टीचर के रूप में उन्हीं सेवानिवृत्त शिक्षकों का चयन किया जाएगा जिन्होंने 70 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं किया है। ऐसे टीचरों का चयन उन पदों पर किया जाएगा जो किसी शिक्षक के छह माह से अधिक समय के लिए अवकाश पर जाने से रिक्त हुआ है अथवा शिक्षक के आकस्मिक निधन अथवा सेवाच्युत किए जाने से रिक्त हुआ है अथवा यह पद पहले से रिक्त है। काउंसिलिंग में कार्यालय सहायक अनिल पांडेय, बबुआ यादव, आलोक श्रीवास्तव, शैलेंद्र यादव, आशीष और आशुतोष ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।