सदर कोतवाली क्षेत्र के टाउनहाल स्थित निगाहीबेग मोहल्ले में बीते
शुक्रवार की रात पीजी कालेज के सेवानिवृत्त प्रवक्ता के बंद मकान का ताला
तोड़ कर चोर दो लाख रुपये नगदी तथा करीब दो लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए।
इस मामले में पीडि़त प्रवक्ता के भाई की ओर से सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर
दी गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरों की तलाश में जुट गई है।
निगाहीबेग
मोहल्ला निवासी पूर्व प्रवक्ता डा. शकील अहमद फारुखी तीन फरवरी को अपने
मकान में ताला बंद कर परिवारीजनों के साथ चिकित्सक को दिखाने के लिए लखनऊ
चले गए। घर में कोई भी सदस्य नहीं था। शुक्रवार की रात में चोरों ने उनके
बंद मकान को अपना निशाना बनाया।
चारदीवारी फांदकर चोर हाते में घुसे। इसके
बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर चोर मकान में दाखिल हो गए। कमरे में रखी आलमारी
को तोड़ कर चोर उसमें रखे दो लाख रुपये के नगदी तथा इतने ही मूल्य के सोने
और चांदी के जेवर चुरा कर भाग निकले जबकि घर में मौजूद अन्य कीमती सामनों
को चोरों ने छुआ तक नहीं।
शनिवार की सुबह जब पूर्व प्रवक्ता के भाई
इश्तियाक लखनऊ से निगाहीबेग मोहल्ला स्थित आवास पर पहुंचा और गेट का ताला
खोलकर मकान में दाखिल हुआ तो अंदर का दृश्य देखकर भौचक रह गया। कमरे का
ताला और आलमारी टूटी हुई थी। फर्श पर सामान बिखरे पड़े थे। इस पर इश्तियाक
ने घटना की जानकारी अपने भाई पूर्व प्रवक्ता को दी। पूर्व प्रवक्ता ने
बताया कि आलमारी में दो लाख रुपए नगदी तथा दो लाख रुपए मूल्य के जेवर रखे
थे, जो कि गायब था। सूचना पर पुलिस के साथ ही मोहल्ले के लोगों की मौके पर
भीड़ जुट गई।
पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए पूर्व प्रवक्ता के भाई से पूरे
घटनाक्रम की जानकारी ली। बाद में पूर्व प्रवक्ता के भाई कोतवाली पहुंचे और
अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके
पांडेय का कहना था कि मामले की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है। मुकदमा
दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।