कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के उपधी गांव निवासी पांच दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी की उपचार के लिए मऊ से पीजीआई लखनऊ ले जाते समय रास्ते में सोमवार की रात मौत हो गई। मंगलवार की सुबह परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। जहां पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई।
उपधी गांव निवासी रामचंद्र राम (61) स्वास्थ्य विभाग में कानपुर से पिछले एक वर्ष पूर्व सेवानिवृत हुए थे। बीते पांच दिसंबर की रात गांव में ही एक शादी का निमंत्रण कर बाइक से घर जा रहे थे। कासिमाबाद-यूसुफपुर मार्ग पर उपधी गांव के सामने बगीचा के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने मऊ के लिए रेफर कर दिया था। मऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। देर रात हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें उपचार के लिए लखनऊ स्थित पीजीआई लेकर जा रहे थे की रास्ते में ही मौत हो गई। दूसरे दिन सुबह परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख- पुकार मच गई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि अज्ञात पिकअप और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।