एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह ने शनिवार को जंगीपुर थाने पर आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की बात सुनन
- फोटो : GHAZIPUR
बिरनो (गाजीपुर)। एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह ने शनिवार को जंगीपुर और बिरनो थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों थानों का रजिस्टर भी खंगाला। साथ ही कार्यालय, सीसीटीएनएस, मालखाना, मेस और बैरक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।
समाधान दिवस पर पुलिस अधीक्षक का काफिला जंगीपुर थाने पहुंचा। जहां आए हुए फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। इसके बाद कार्यालय, सीसीटीएनएस, मालखाना, मेस, बैरक का निरीक्षण किया। थाना परिसर में हो रहे निर्माण की गुणवत्ता भी परखी। इसके बाद बिरनो थाना पहुंचे, वहां पर भी आयोजित थाना दिवस पर आए फरियादियों की समस्या सुनने के साथ अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में पत्रावली अपूर्ण मिलने पर जल्द से जल्द पत्रावली को पूर्ण करने के लिए थाने के दीवान को निर्देश दिया। लंबित विवेचनाओं को जल्द से जल्द निस्तारित करने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। थाना परिसर में बन रहे सीसीटीएनएस कक्ष और महिला आरक्षी बैरक निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य में प्रयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता देखी और ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्माण करने के लिए कहा। साथ ही थाना में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। थाना के निरीक्षण के बाद एसपी ने मातहतों से कहा कि थाना में आने वाले फरियादियों का सम्मान किया जाए। एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही न बरतें। लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा कायम हो सके। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार क्षेत्र में चक्रमण किया जाए। अपराधियों के साथ सख्ती से पेश आया जाए।