गाजीपुर। जिले में सड़कों की मरम्मत और हर घर नल योजना की धीमी प्रगति को लेकर प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अधिकारियों से जवाबदेही तय करने को कहा है।
बुधवार को राइफल क्लब कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से जिले में कुल सड़कों की लंबाई, अब तक हुई मरम्मत और 30 नवंबर तक मरम्मत होने वाली सड़कों का पूरा ब्योरा मांगा।
वहीं, हर घर नल योजना में श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर काम पूरा कराने और यह जांचने का निर्देश दिया कि संबंधित कंपनी या ठेकेदार वास्तव में काम कर रहे हैं या नहीं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर फंड के अभाव में काम रुका हुआ है, उनकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, आवास, मनरेगा, पेंशन और राशन वितरण सहित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
विद्युत विभाग को जर्जर तारों की मरम्मत कराने और लटकते तारों को हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान परियोजना निदेशक से प्रगति की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि आवास के आवेदकों को पारदर्शी तरीके से बताया जाए कि उनके दस्तावेजों में क्या कमी है। कमियों को पूरा कराकर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जाए। सामूहिक विवाह योजना की भी समीक्षा की गई।
जिला सेवायोजन अधिकारी से रोजगार पाने वाले युवाओं की जानकारी लेते हुए मंत्री ने कॉलेजों और विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को रोजगार सृजन के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए। रोजगार मेले की प्रगति भी जानी।
प्रभारी मंत्री ने जनसुनवाई, आईजीआरएस और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी जांची। मंत्री ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सभी विभागों को प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट रखने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का अक्षरश: पालन कराया जाएगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा अध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर सहित जिलास्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।