उम्मीद परिवार की ओर से राष्ट्रगान के रचयिता रविंद्रनाथ टैगोर की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। शहर के गोराबाजार स्थित टैगोर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महान कवि को नमन किया। इस दौरान सामूहिक राष्ट्रगान के दौरान लोग रोमांचित हो उठे। इस मौके पर लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने जय हो गीत पर नृत्य पेश कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उम्मीद परिवार की ओर से एक माह से रविन्द्रनाथ टैगोर पार्क का सुंदरीकरण किया जा रहा था। इस कार्य में हर उम्र एवं वर्ग के लोगों ने अपना भरपूर सहयोग दिया। पार्क के सुंदरीकरण में सहयोग करने के लिए इन लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले सुरेंद्रनाथ भारती के दीप प्रज्जवलित करने और टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस दौरान जी स्कूल के बच्चों ने एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
महान कवि और राष्ट्रगान के रचयिचा रविंद्रनाथ टैगोर रचित गीत एकला चलो रे पर पाठशाला पब्लिक स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रस्तुति की। माधव सरस्वती विद्या मंदिर और रेनबो माडर्न स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इससे पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष विनोद अग्रवाल और डा. मुुकेश सिंह ने रविंद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस मौके पर उम्मीद परिवार के संस्थापक सिद्घार्थ राय सुरेश श्रीवास्तव, राजन प्रजापति, सुनील सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, डा. जेएस राय, डा. डीपी सिंह, कमलेश, हरिनारायण हरीश, बृजभूषण आदि मौजूद रहे।