फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज हवा संग हुई बारिश से झुलसाती गर्मी से मिली राहत

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। शहर सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को सुबह तेज हवा संग बारिश हुई। इसके चलते करीब एक महीने से झुलसा रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली वहीं बारिश की वजह से कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क पर पानी लगने से आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दलहनी फसलों के साथ ही प्याज एवं आम की फसल को भी क्षति पहुंची है।
विज्ञापन

करीब एक महीने से ज्यादा समय से भीषण गर्मी कहर बरपा रही थी। सुबह आठ बजे से ही आसमान से अंगारे बरसने का जो सिलसिला शुरू होता वह शाम तक बना रहता। इसी क्रम में कुछ दिन पहले मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छाने के साथ ही तेज हवाएं चलने लगी। बृहस्पतिवार की सुबह तेज हवा के साथ ही बारिश हुई। इसके चलते महीने भर से झुलसाती गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। कई जगहों पर खलिहान में गेहूं की फसल पड़ी हुई है। मौसम में आए बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह तेज आंधी के साथ बारिश होने से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं दूसरी तरफ आम की फसल को काफी क्षति पहुंची है। सुबह तड़के लगभग साढ़े पांच बजे तेज आंधी आई और उसके कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग पौन घंटे हुई बरसात से नगर की सड़कों पर पानी लग गया। पुन: साढ़े दस बजे दोबारा बारिश हुई। इस बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी से लोगों को राहत दी है। बारिश के बाद बह रही पूर्वा हवा खुले में बैठने वाले लोगों को गर्मी में सर्दी का एहसास करा रही है। बारिश से एक तरफ लोग जहां गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ इस वर्षा ने दलहन की फसल उर्द, मूंग के साथ ही करइल क्षेत्र में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाया है। पीजी कालेज स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम एवं कृषि विशेषज्ञ कपिलदेव शर्मा ने बताया कि आने वाले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेंटीग्रेड एवं न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। बताया कि किसान रबी फसलों की कटाई एवं मड़ाई कर चुके हैं वह अपने खेतों में गर्मी वाली गहरी जुताई करके खुला छोड़ दें। आगामी समय में मौसम में परिवर्तन होने की संभावना को देखते हुए किसान सिंचाई एवं छिड़काव करने से अभी बचें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें