जिले में आगामी धान खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। अपर जिलाधिकारी को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है। धान की बिक्री के लिए विभागीय पोर्टल पर किसानों का पंजीकरण शुरू हो गया है। खरीद करने वाली संस्थाओं से क्रय केंद्रों का प्रस्ताव मांगा गया है।
खरीफ क्रय वर्ष 2021-22 में जिले को दो लाख 10 हजार मीट्रिक टन की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उस दौरान विभिन्न संस्थाओं के 131 क्रय केंद्र खोले गए थे। लक्ष्य के सापेक्ष बीते वर्ष 33 हजार 995 किसानों से 212635.956 एमटी की खरीद की गई थी। इस वर्ष होने वाली खरीद के लिए शासन की ओर से अभी लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है लेकिन इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त-राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है। कृषि विभाग से धान की फसल के उत्पादन एवं उत्पादकता संबंधी रिपोर्ट मांगी गई थी जिसे उसने उपलब्ध करा दिया है। विभाग के पोर्टल पर इसकी बिक्री के लिए किसानों का पंजीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि किसान सीबीएसयुक्त बैंक शाखा में अपना खाता खुलवाएं तथा बैंक खाते को आधार से लिंक करवाएं। धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान आधार से लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा। बताया कि किसानों का जो फोन नंबर आधार नंबर से लिंक है वहीं नंबर बैंक खाता से लिंक हो।