जमानिया क्षेत्र के हेतिमपुर स्थित कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में सोमवार को हस्तकला और रंगोली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी धीरेंद्र प्रताप ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप जलाकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस मौके पर कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं की ओर से बनाई गई हस्तशिल्प, रंगोली और कलाकृतियों को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्राओं की प्रतिभा को उजागर करने के लिए इस प्रकार के आयोजन होने चाहिए। इससे बच्चों के अंदर छिपी हुई कला बाहर आती है और उनकी प्रतिभा निखरती है।
रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं ने रंगों का बेहतर ढंग से चयन किया है। अभिभावकों ने भी छात्राओं का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता, अरविंद सिंह, रामेश्वर राय, अर्चना सिंह, शयामसुंदर, हरजीत सिंह, कालीचरन, अजय आदि मौजूद रहे। संचालन शशि शेखर उपाध्याय ने किया।