गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रमों में शैक्षिक सत्र जनवरी में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। राजकीय महिला पीजी कॉलेज स्थित मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. शिवकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से जनवरी सत्र में 24 परास्नातक, 6 स्नातक, 7 डिप्लोमा, 23 प्रमाण पत्र एवं 4 जागरूकता कार्यक्रमों सहित कुल 64 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ किया गया है। सभी स्नातक कार्यक्रमों में द्वितीय वर्ष से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कौशल पाठ्यक्रम शुरु किए जा रहे हैं। इसके साथ ही डिप्लोमा इन म्यूजियोलॉजी, एमए गृह विज्ञान एवं बीसीए कार्यक्रमों में पुनः प्रवेश जनवरी सत्र से प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की तरफ से एमए योग के लिए भी आवेदन लिया जा रहा है, लेकिन इसमें दाखिला प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर निश्चित सीट पर चुनिंदा महाविद्यालयों में ही लिया जाएगा। इस सत्र से प्रवेश लेने वाले सभी शिक्षार्थियों को मुद्रित स्वाध्याय सामग्री न लेने पर ट्यूशन फीस में 15 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।