गाजीपुर। जिले की सड़कों की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। इधर हुई बरसात ने परेशानी को और बढ़ा दिया है। कासिमाबाद क्षेत्र के साधापुर-अवरांकोल मार्ग बीच में पुलिया के पास रविवार की भोर में पानी के तेज बहाव से टूट गया। इसके चलते दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है। यही नहीं अभी हाल ही में बनाया गया ताड़ीघाट-बारा मार्ग उतरौली पुलिया के पास धंस गया है जिससे वहां दूर तक बड़ी सी दरार पड़ गई है। इसी प्रकार चार दिन से हमीद सेतु के धंसे एप्रोच मार्ग को भी ठीक नहीं किया गया। इससे लोगों को गंगा पार जाने में काफी परेशानी हो रही है।
कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार साधापुर गांव से करीब एक किलोमीटर आगे अवराकोल मार्ग पर पुलिया के पास सड़क टूट गई। वहां पानी के तेज बहाव के कारण देखते ही देखते सड़क का बड़ा सा भाग बह गया। सड़क पर तेज धार से पानी इस पार से उस पार तक बह रहा है जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। इस सड़क से साधापुर, पाली, मुहम्मदपुर कुसुम, चेरुइया, मुहम्मदपुर टड़वा, अवराकोल सहित एक दर्जन गांव जुड़े हुए हैं। संपर्क कट जाने से लोग घरों में कैद हो गए हैं। जानकारी के बाद भी प्रशासन से कोई सुधि लेने नहीं पहुंचा। रेवतीपुर संवाददाता के अनुसार ताड़ीघाट-बारा मार्ग को बने अभी दो माह भी नहीं हुए और पहली बरसात में ही इसकी पोल खुलने लगी है। उतरौली पुलिया के पास इस सड़क पर लंबी दरार पड़ गई है। पुलिया के पास की गिट्टी और पिच ही गायब हो गई है जिससे बगल में खाई बन गई है। इस मार्ग के निर्माण के लिए रेवतीपुर और क्षेत्रीय जनता को कई बार धरना-प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ी। अब इसके निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की बात खुलकर सामने आ रही है। सुहवल संवाददाता के अनुसार हमीद सेतु के एप्रोच को क्षतिग्रस्त हुए तीन दिन हो गए लेकिन उसकी मरम्मत का काम रविवार को भी शुरू नहीं हो सका। मार्ग पर हर छोटे बड़े लोडेड वाहनों को रोक दिया गया है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस पुल पर रोक की वजह से जंगीपुर मंडी में लगने वाले साप्ताहिक बजार में जाने वाले व्यापारियों ने अपने-अपने वाहनों पर लदे सामानों को मार्ग के किनारे खड़ा कर दिया है। अब इस मार्ग की मरम्मत के बाद ही वह आगे जा पाएंगे। लोगों ने एनएचएआई के लोगों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। जमानिया संवाददाता के अनुसार धरम्मरपुर घाट पर गंगा नदी पर बनाए गए पुल के लिए अब तक एप्रोच सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण न होने के कारण इस पर आवागमन शुरू नहीं हो सका है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर जमानिया की ओर बनाए गये एप्रोच पर मिट्टी और गिट्टी डाल कर छोड़ दिया गया है। उधर धरम्मरपुर की ओर तो सिर्फ मिट्टी ही डालकर छोड़ दिया गया है। बरसात के बाद दोनों तरफ कीचड़ का साम्राज्य हो गया है। लोगों ने इस पर चल रहे काम को तेज गति से किए जाने की मांग की है।