समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक में विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क सभा करने, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। शनिवार को हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्षों को 10 अप्रैल तक बूथ एवं सेक्टर कमेटी के प्रभारियों की कमेटी का पुर्नगठन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन के मंडल प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अरविंद सिंह के समक्ष जनप्रतिनिधियों और जिले में तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की नाकामी पर जमकर भड़ास निकाली। सपा व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष असलम खां ने कहा कि यहां पर तैनात अधिकारी कार्यकर्ताओं और जिलास्तरीय पदाधिकारियों की एक भी नहीं सुनते। ऐसे अधिकारियों की वजह से पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।
उन्होंने मांग की कि गैर जिम्मेदार अधिकारियाें को यहां से तत्काल हटाया जाए। राज्यसभा सांसद ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक बात पहुंचाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप से परहेज करने की हिदायत देते हुए दलहित में काम करने की अपील की। कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता बहुत ही मजबूत और संघर्षशील है।
विपक्षियों की साजिश से बचने के सलाह देते हुए कहा कि उनको आक्रामक होने की जरूरत है। प्रदेश सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि उसने बुनियादी सवालों पर जितना काम किया, उतना प्रदेश में कभी नहीं हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, पूर्व एमएलसी बच्चा यादव, दयानंद यादव, रामधारी यादव, परशुराम बिंद, गुलाम कादिर राईनी, गोपाल यादव, जयकिशुन साहू, हरेंद्र विश्वकर्मा, अरुण श्रीवास्तव, डा. सानंद सिंह, विरेंद्र यादव, अर्जुन राय, राजेंद्र यादव आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा और संचालन जिला महासचिव सदानंद यादव ने किया।