माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए बुधवार को नगर के महुआबाग स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हुई। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने निर्देश दिया कि प्रश्न-पत्रों को पुलिस की सुरक्षा में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रश्न-पत्रों को परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक वाले स्टील व लोहे के अलमारी में रखा जाए। परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। प्रश्न-पत्रों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने पर डबल लाॅक की अलमारी में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में परीक्षा केंद्रों पर रखवाया जाए। साथ ही डबल लाॅक वाली आलमारी में पेपर सील किया जाए।
नामित किए गए सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट/सचल दल/सभी केंद्र व्यवस्थापक/वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को 24 फरवरी से दो पालियों में होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने का निर्देश दिया। जनपद में हाईस्कूल में 67348 और इंटरमीडिएट में 77024 मिलाकर कुल 144372 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित होंगे। परीक्षा के लिए 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें लेकर नौ जोनल मजिस्ट्रेट, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 196 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 7 सचल दल, 7 रात्रिकालीन सचल दल, 196 केंद्र व्यवस्थापक/वाह्य केंद्र व्यवस्थापक लगाए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र का उत्तरदायी होता है। कहीं से चूक होने पर सारी जिम्मेदारी उसी की होती है। इस मौके पर एसपी डॉ. ईरज राजा, एडीएम दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा आदि मौजूद रहे।